अमेठी। हृदय रोगियों को अब जिले में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। शासन के निर्देश पर अमेठी में गंभीर हृदय रोगियों के लिए महंगा और प्रभावी ‘टेनेटा प्लस’ इंजेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है। बाजार में लगभग 40 हजार रुपये कीमत वाला यह इंजेक्शन मरीजों की हालत में तुरंत सुधार करता है, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा सके। अक्सर हृदयाघात से पीड़ित मरीजों को समय पर उपयुक्त उपचार न मिलने के कारण जान गंवानी पड़ती थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह पहल शुरू की है। टेनेटा प्लस इंजेक्शन मरीज के हृदय की स्थिति को स्थिर करने में अहम भूमिका निभाता है, जिससे रेफर करने तक उनका जीवन सुरक्षित रखा जा सके। जगदीशपुर, फुरसतगंज और जिला अस्पताल में सुविधा उपलब्ध जिले में यह इंजेक्शन सीएचसी जगदीशपुर, सीएचसी फुरसतगंज और जिला अस्पताल में उपलब्ध है। अब तक तीन मरीजों को इस इंजेक्शन का लाभ मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मौजूदा समय में पर्याप्त मात्रा में इंजेक्शन उपलब्ध हैं। 40 हजार का इंजेक्शन रेट कॉन्ट्रैक्ट पर आधी कीमत में उपलब्ध ‘टेनेटा प्लस’ इंजेक्शन की बाजार कीमत लगभग 40 हजार रुपए है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसे रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत 20–22 हजार रुपए में खरीद रहा है। इंजेक्शन की आपूर्ति रिलायंस कंपनी द्वारा की जा रही है। सीएमओ बोले-पर्याप्त स्टॉक, खरीद जारी सीएमओ अंशुमान सिंह ने बताया मुख्यमंत्री के निर्देश पर टेनेटा प्लस इंजेक्शन खरीदे जा रहे हैं। विभाग को यह इंजेक्शन रेट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर लगभग आधी कीमत में मिल रहा है। हमारे पास फिलहाल पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आगे की खरीद भी जारी है।”
हार्ट मरीजों को लगेगा टेनेटा प्लस इंजेक्शन:अमेठी में एक इंजेक्शन की कीमत 40 हजार, अब मिलेगी फौरन राहत
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
