रामपुर में सेकेंड हसन आगा मेमोरियल स्टेट हॉकी टूर्नामेंट सफलता के साथ जारी है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन रामपुर डीएसए, हरदोई, गाजियाबाद और प्रतापगढ़ ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। महात्मा गांधी फिजिकल कॉलेज स्टेडियम मैदान पर टूर्नामेंट के तीसरे दिन चार मैच खेले गए। पहला मुकाबला रामपुर डीएसए और सहारनपुर के बीच हुआ। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। टाई-ब्रेकर में रामपुर डीएसए ग्रीन ने 2-0 से जीत दर्ज की। इस मैच के मुख्य अतिथि फिरासत खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। दूसरा मैच चांदपुर और हरदोई के बीच खेला गया। यह मुकाबला भी काफी संघर्षपूर्ण रहा। हरदोई की ओर से अभिषेक और प्रशांत ने गोल किए, जबकि चांदपुर के लिए नदीम और तरुण ने गोल दागे। मैच ड्रॉ होने के बाद टाई-ब्रेकर में हरदोई ने 3-1 से जीत हासिल की। जिया खा इस मैच के मुख्य अतिथि थे। तीसरा मैच गाजियाबाद और काशीपुर के बीच खेला गया। गाजियाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हस्सान, अभय, विनोद सैनी और प्रहलाद के गोलों की बदौलत 4-0 से जीत दर्ज की। वसीम खा ने इस मैच में मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों से मुलाकात की। दिन का चौथा और अंतिम मैच रामपुर छात्रावास और प्रतापगढ़ के बीच हुआ। प्रतापगढ़ के दिव्यांशु ने 19वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। रामपुर छात्रावास के आकाश ने 49वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। अंततः टाई-ब्रेकर में प्रतापगढ़ ने 3-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। हॉकी सचिव मुख्तार खा और चुनाव अधिकारी अनिल आर्य इस मैच के मुख्य अतिथि थे। मैचों में अंपायरिंग की भूमिका मो. जावेद, सुनील चौधरी, मुशीर अहमद, तजममुल जैदी, ब्रजेश कुशवाहा और मुनीश द्विवेदी ने निभाई। इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी महेंद्र बोरा ने टेक्निकल टेबल का कार्य संभाला। इस अवसर पर ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी जमशेद आगा और फैजान आगा ने मुख्य अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। नासिर खा ने सभी मैचों का संचालन किया।
रामपुर में सेकेंड आगा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट जारी:रामपुर डीएसए, हरदोई, गाजियाबाद, प्रतापगढ़ ने दर्ज की जीत
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
