प्रयागराज में 3 जनवरी 2026 को पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व से शुरू होने वाले माघ मेले को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को एडीजी जीआरपी प्रकाश डी प्रयागराज पहुंचे और उन्होंने माघ मेले से जुड़ी रेलवे सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। सबसे पहले एसपी जीआरपी कार्यालय में आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसके बाद एडीजी ने प्रयागराज जंक्शन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। एडीजी प्रकाश डी ने बताया कि माघ मेले के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु संगम नगरी पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ 2025 की सफलता को ध्यान में रखते हुए उसी तर्ज पर जीआरपी ने विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी नौ रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेशन प्लेटफार्मों पर महाकुंभ की तरह अलग-अलग रंगों से कोडिंग की व्यवस्था होगी, जिससे भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके। भीड़ बढ़ने की स्थिति में खुसरो बाग की तर्ज पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जिनमें यात्रियों के लिए पेयजल, टॉयलेट और बैठने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। रेल यात्रियों की आसानी के लिए मेला क्षेत्र से लेकर रेलवे स्टेशनों तक साइनेज लगाए जाएंगे, जबकि स्टेशनों पर मल्टी-लैंग्वेज अनाउंसमेंट की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। हाल ही में दिल्ली में हुए बम विस्फोट के मद्देनजर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। प्रवेश द्वारों पर हाई-टेक सुरक्षा सिस्टम लगाए जा रहे हैं, वहीं पूरे रूट और स्टेशन परिसर को सीसीटीवी कैमरों से पूरी तरह कवर किया जाएगा। एडीजी ने यह भी बताया कि नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जीएम से जल्द बैठक कर संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। मेला ड्यूटी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मांगा गया है। बाहर से आने वाले जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें यात्रियों से संवाद, व्यवहार और सहयोगात्मक कार्यशैली पर जोर होगा। एडीजी ने श्रद्धालुओं सेअपील की पुलिस और जीआरपी के निर्देशों का पालन करें।
माघ मेला 2026: रेलवे सुरक्षा की तैयारी तेज:रेलवे एडीजी प्रकाश डी ने प्रयागराज जंक्शन का निरीक्षण, महाकुंभ मॉडल पर सुरक्षा
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
