सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार देर शाम अमीरनगर अंडरपास के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों व्यक्तियों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 26 वर्षीय सरोज कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय प्रदीप वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। मृतक सरोज कुमार वर्मा पुत्र रजनीश वर्मा और घायल प्रदीप वर्मा पुत्र रविन्द्र सिंह, दोनों मोहिद्दीनपुर, थाना कोतवाली देहात के निवासी हैं। वे गुरुवार देर शाम अपनी-अपनी मोटरसाइकिलें से गुजर रहे थे।बताया जा रहा है कि अमीरनगर अंडरपास के पास तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सरोज कुमार किसी काम से सीतापुर शहर से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सरोज के निधन की खबर से उनके परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। घटना की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीतापुर में दो बाइकों की टक्कर, एक युवक की मौत:बिना हेलमेट लगाए दो वाहन सवारों की टक्कर, एक गंभीर घायल, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
📅 Published: November 27, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
