डीजे संचालक का शव पहुंचा गांव:बारात में विवाद के दौरान मारी थी गोली, दूल्हे के जीजा और भाई को फांसी देने की मांग

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरा नेवादा विजय गांव में गुरुवार आधी रात बारात में डीजे बंद होने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में डीजे संचालक पुत्तीलाल (45) की मौत हो गई। दूल्हे के जीजा आकाश गौतम और उसके भाई अखिलेश गौतम पर पुत्तीलाल को गोली मारने का आरोप है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की। यह घटना गुरुवार रात टीकाराम की बेटी रेखा की शादी के दौरान हुई। बारात लखनऊ के जेहटा से आई थी। डीजे का संचालन अमित और अरुण कर रहे थे, जिनके पिता पुत्तीलाल खेतों के काम के साथ डीजे का व्यवसाय भी करते थे। रात करीब 12 बजे जयमाल कार्यक्रम के बाद डीजे बंद कर दिया गया। आरोप है कि दूल्हे के जीजा आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने डीजे दोबारा चलवाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर डीजे कर्मचारी रिंकू ने मालिक पुत्तीलाल और साथी आशीष को बुलाया। जब विवाद नहीं थमा और गाली-गलौज हुई, तो आरोप है कि अखिलेश के उकसाने पर आकाश ने पुत्तीलाल के पेट में गोली मार दी। पुत्तीलाल मौके पर ही गिर पड़े और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुत्तीलाल का शव घर पहुंचा। उनके बेटे आशीष, अमित और अखिलेश अपने पिता के पार्थिव शरीर से लिपट गए। अमित की शादी 18 नवंबर को ही हुई थी। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। परिजन लगातार आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *