अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर स्थित तमसा नदी पुल के नीचे स्थानीय लोगों को पानी में एक नवजात शिशु का शव दिखाई दिया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए इनायतनगर थाना तथा पूरा कलंदर थाना की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान पता चला कि शव पूरा कलंदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, किन्तु पहचान संभव न होने के कारण विधिक कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस ने शव को मर्चरी भेजने की कार्रवाई की है ताकि आगे की जांच सुचारू रूप से की जा सके। प्रभारी निरीक्षक, थाना पूरा कलंदर संजीव सिंह ने बताया कि नवजात शिशु की पहचान न होने के चलते शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि “यदि 72 घंटे के भीतर शिशु की शिनाख्त नहीं होती है, तो नियम के तहत पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मृत्यु कैसे हुई। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह जानकारी मिल सके कि नवजात नदी में कैसे पहुंचा और क्या इसे किसी ने यहां फेंका था। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चर्चा है कि संभवतः किसी युवती या महिला ने लोक लाज के डर से प्रसव के बाद शिशु को फेंक दिया हो। फिलहाल पुलिस कई बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है।
तमसा नदी पुल के नीचे मिला नवजात का शव:अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर पुलिस ने शुरू की जांच, नहीं हुई शिनाख्त
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
