तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को कुचला:दोनों की मौत, 120 की स्पीड में थी कार, पिता के इलाज के रुपए लेकर जा रहे थे

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना रात करीब 12 बजे अम्बापुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुई। बताया गया कि प्रयागराज की तरफ से आ रही कार की रफ्तार 120 किमी/घंटा से भी अधिक थी। स्पीड इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही दोनों युवक करीब 15 मीटर दूर जाकर गिरे। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हठगांव निवासी विमलेश (25) पुत्र रामावतार और अवधेश (24) पुत्र रामपाल के रूप में हुई। शनिवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे विमलेश के साले अखिलेश कुमार ने बताया कि विमलेश के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें रात में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विमलेश अपने दोस्त अवधेश के साथ पिता के इलाज के लिए पैसे लेकर आ रहा था कि रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर दिया गया है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *