वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प ने वेनेजुएला का हवाई क्षेत्र बंद करने की धमकी दी, बोले- वहां से गुजरना खतरनाक होगा

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच तनातनी जारी है। ट्रम्प ने वेनेजुएला के ऊपर और उसके आसपास का पूरा हवाई क्षेत्र बंद करने की चेतावनी दी है। उन्होंने ड्रग डीलरों, मानव तस्करों, एयरलाइनों और पायलटों को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वेनेजुएला के ऊपर और आसपास के हवाई क्षेत्र से गुजरना खतरनाक होगा। इसके जवाब में वेनेजुएला ने इसे ‘औपनिवेशिक धमकी’ और ‘गैरकानूनी हमला’ बताया है। वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘अमेरिका के पास किसी दूसरे देश का हवाई क्षेत्र बंद करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।’ अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प ने लिखा, “सभी एयरलाइंस, पायलट, ड्रग तस्कर और मानव तस्करों को सूचित किया जाता है कि वेनेजुएला के ऊपर और उसके आसपास का पूरा हवाई क्षेत्र पूरी तरह बंद है।’ वहीं, अमेरिका ने कैरेबियन सागर में अब तक की सबसे बड़ी सैन्य तैनाती कर दी है। दुनिया का सबसे बड़ा विमान वाहक पोत यूएसएस जेराल्ड फोर्ड और लगभग 15,000 अमेरिकी सैनिक वेनेजुएला के बहुत करीब तैनात हैं। यह तैनाती 1989 में पनामा पर अमेरिकी हमले के बाद क्षेत्र में सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई है। अमेरिका का दावा है कि यह सब ड्रग तस्करी रोकने के लिए किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी नौसेना ने 21 नावों पर हमले किए जिनमें 80 से ज्यादा लोग मारे गए। अमेरिका के मुताबिक ये नावें कोकीन और दूसरी ड्रग्स ले जा रही थीं। ट्रम्प ने गुरुवार को धमकी दी थी कि जल्द ही “जमीन पर भी” ड्रग तस्करी रोकने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। मादुरो ने ट्रम्प के सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि ड्रग तस्करी का बहाना लेकर अमेरिकी सरकार उन्हें सत्ता से बेदखल करना चाहती है क्योंकि पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव को अमेरिका और कई पश्चिमी देश “धांधली” बता रहे हैं। इसी बीच वेनेजुएला ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 6 बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस – इबेरिया, टीएपी पुर्तगाल, गोल, लताम, अवियंका और तुर्किश एयरलाइंस – को अपने देश में उतरने पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया। इन्होंने 48 घंटे के अंदर उड़ानें दोबारा शुरू करने की समय सीमा पूरी नहीं की थी। ————————————- 29 नवंबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *