कंचौसी चौकी क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रूबी पत्नी गोविंद कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रूबी को अचानक पेट में तेज दर्द उठा। दर्द बढ़ने पर परिजन उसे पचास शैय्या अस्पताल दिबियापुर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि रूबी पिछले एक वर्ष से टीबी की बीमारी से ग्रसित थी। उसका इलाज मथुरा जिले के वृंदावन से चल रहा था। बीमारी के कारण वह पिछले कई दिनों से गुमसुम रहती थी। रूबी की बीमारी की जानकारी उसके मायके पक्ष को दी गई थी। कुछ दिन पहले ही उसकी मां अपनी बेटी के साथ रहने आई थीं। गोविंद और रूबी का विवाह डेढ़ साल पहले कन्नौज जिले के छिबरामऊ में हुआ था। दिबियापुर थाना प्रभारी रुद्र नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मृतका कई दिनों से बीमार थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
अचानक पेट में तेज दर्द उठा, मौत:दिबियापुर में डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
