गोरखपुर-देवरिया के कछार में सुगम होगा आवागमन:बड़हलगंज क्षेत्र के बैरियाखास में राप्ती नदी पर बनाया जा रहा पुल

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गोरखपुर के बड़हलगंज और देवरिया के कछार क्षेत्र के दर्जनों गांवों में अब तक दुरूह रहा आवागमन आने वाले दिनों में सुगम हो जाएगा। इसके लिए योगी सरकार बड़हलगंज के बैरियाखास में राप्ती नदी पर पुल बनवा रही है। पुल के साथ ही यहां पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनेगा। बैरियाखास पुल बन जाने से गोरखपुर और देवरिया के मध्य वाया बड़हलगंज दूरी 15 किमी कम हो जाएगी। करीब 1.5 लाख की आबादी को सीधे फायदा पहुंचाने वाली इस परियोजना पर करीब 72 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था सेतु निगम को 10.75 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। बैरिया खास में बनने वाला पुल देवरिया जिले के बरांव गांव से कनेक्ट होगा। इसके बन जाने से कछार क्षेत्र के दर्जनों गांवों का सीधा संपर्क देवरिया जिले से हो जाएगा। साथ ही मानसून के मौसम में पीपा पुल पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। सबसे अहम बात यह कि इस पुल से बड़हलगंज और देवरिया के बीच आवागमन में समय की खासी बचत होने लगेगी। अभी बड़हलगंज से बरहज, कपरवार होकर देवरिया जाने में 51 किमी यात्रा करनी पड़ती है। बैरियाखास पुल बन जाने के बाद यह दूरी घटकर 36 किमी रह जाएगी। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह बताते हैं कि साइड मोबलाइजेशन और एलाइनमेंट का काम तेजी से चल रहा है। इस प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है। इस पुल के बन जाने से क्षेत्रीय जनता को काफी सहूलियत मिलेगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *