बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में मां-बेटे द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के मामले में पुलिस ने दो ननदों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह घटना 9 नवंबर को मंडावर थाना क्षेत्र के मोहंडिया गांव में हुई थी। 27 वर्षीय लक्ष्मी ने अपने 7 वर्षीय बेटे वासु के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई। शुरुआती जांच में गृह क्लेश की बात सामने आई थी। मृतका लक्ष्मी के पति मोनू की एक साल पहले मौत हो चुकी थी। लक्ष्मी अपने बच्चों के साथ अपने सास-ससुर के पास रह रही थी। 12 नवंबर को मृतका के पिता अमर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्ष्मी ने अपनी ननदों के उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाया था। अमर सिंह ने ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लक्ष्मी की ननद शोभा (पत्नी लोकेश), ननदोई लोकेश (निवासी ब्रह्मपुरी, थाना मंडावर), ननद सुक्खी (पत्नी पुष्पेंद्र) और ननदोई पुष्पेंद्र (निवासी सफी नंगली, थाना हल्दौर) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने शोभा और सुक्खी को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मां-बेटे को जहर देने के मामले में ननद गिरफ्तार:महिला की हुई थी मौत, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
