मुजफ्फरनगर के छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान अब तक लगभग 1 लाख 11 हजार 436 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। यह अभियान 11 दिसंबर तक जारी रहेगा, जिससे हटाए गए नामों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। जिले के मुजफ्फरनगर सदर, बुढ़ाना, चरथावल, मीरापुर, खतौली और पुरकाजी सहित छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 21 लाख 12 हजार 586 है। एसआईआर अभियान के तहत पता चला कि इनमें से 30,915 ऐसे मतदाता थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन उनके नाम अभी भी सूची में दर्ज थे। अब तक इन छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 30 हजार 915 मृतक, 12 हजार 315 अनुपस्थित, 59 हजार 957 दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हुए और 8 हजार 249 डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं, जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि एसआईआर का कार्य 11 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। अभियान की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एडीएम प्रशासन और उप निर्वाचन अधिकारी संजय सिंह इसकी निगरानी कर रहे हैं। पहले इस कार्य की अंतिम तिथि 4 दिसंबर थी, जिसे बढ़ाकर 11 दिसंबर किया गया है, जिससे प्रशासन को कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि मुजफ्फरनगर सदर और अन्य पांच विधानसभा क्षेत्रों में 12,315 मतदाता ऐसे थे जिनके नाम सूची में तो थे, लेकिन बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जानकारी जुटाने पर वे अनुपस्थित या लापता पाए गए। इस स्थिति के कारण बीएलओ को एसआईआर कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मुजफ्फरनगर के एडीएम प्रशासन संजय सिंह के मुताबिक, जिले में समय रहते एसआईआर का कार्य पूरा करा लिया जाएगा। 11 दिसंबर को एसआईआर से संबंधित सभी जानकारियों का खुलासा किया जाएगा। यह सच है कि अब तक मतदाता सूची में से कई हजार मृतकों के नाम हटा दिए गए हैं। बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि एसआईआर कार्य में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न होने पाए। इस कार्य में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
वहीं सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि कई स्थानों से पर रहने वाले लोग कहीं अन्य स्थान पर बस गए हैं। हालांकि उनकी खोज कराई जा रही है। एसआईआर से यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ लोगों ने दो-दो जगहों पर स्थानों पर अपना नाम मतदाता सूची में डलवा रखे थे। ऐसे में इन लोगों के दो-दो स्थानों पर मताधिकार का प्रयोग करने की आशंका भी है।
मुजफ्फरनगर में 1.11 लाख से अधिक वोटरों के नाम हटे:अभी 11 दिसंबर तक चलेगा अभियान, 30 हजार मृतकों के नाम थे
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
