शिशु वाटिका कॉलेज में दिव्यांग दिवस का आयोजन:डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती भी मनाई गई

📅 Published: December 3, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मुरादाबाद। गोविंद नगर स्थित शिशु वाटिका इंटर कॉलेज में बुधवार, 3 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती, महिला क्रिकेटर मिताली राज का जन्मदिन और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की पुण्यतिथि भी मनाई गई। साथ ही, भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य हरी निवास गुप्ता और उप प्रधानाचार्य निगम रस्तोगी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य गुप्ता ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर एक समावेशी व टिकाऊ भविष्य का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि यह दिवस प्रतिवर्ष 3 दिसंबर को विश्व स्तर पर मनाया जाता है। वर्ष 1976 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1981 को ‘विकलांग जनों का अंतरराष्ट्रीय वर्ष’ घोषित किया था। भारत में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 31 मई 2016 को ‘विकलांग’ शब्द के स्थान पर ‘दिव्यांग’ शब्द अपनाने का निर्णय लिया, जो सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है। छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद के देश निर्माण में योगदान को भी याद किया गया। बताया गया कि डॉ. प्रसाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति, स्वतंत्रता सेनानी और 1940 तथा 1947 में कृषि व खाद्य मंत्री रहे थे। संविधान निर्माण में भी उनकी प्रमुख भूमिका थी, जिसके कारण उन्हें ‘राजेंद्र बाबू’ के नाम से सम्मानपूर्वक पुकारा जाता है। महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज के जन्मदिन पर उनके संघर्ष और राष्ट्रीय खेल में योगदान की सराहना की गई। बच्चों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। इसी कड़ी में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य निगम रस्तोगी, अध्यापिका कुमारी अवंतिका मिश्रा, सामाजिक विज्ञान के अध्यापक मुन्नालाल यादव और छात्राओं में डोली तथा इशिका सैनी सहित अन्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *