विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर कानपुर देहात में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान 10 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 43 ट्राईसाइकिल, 53 व्हीलचेयर, 24 वैशाखी और 16 वॉकिंग स्टिक बांटे गए। विकास भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, रसूलाबाद विधायक प्रतिभा शुक्ला और पूनम संखवार मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, उपायुक्त मनरेगा गंगाराम, जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी भी उपस्थित थे। वंशीलाल, विनीता, रामू, सर्वेश कुमार, सौरभ, शैलेन्द्र बाबू और रामकली सहित कई दिव्यांगजनों को उपकरण मिले। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को अपने जीवन में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगजनों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सहायक उपकरण प्राप्त होने से उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।
विश्व दिव्यांग दिवस पर कानपुर देहात में उपकरण वितरित:कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा- सरकार दिव्यांगों के लिए योजनाएं चला रही है
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
