पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उनके सिर में गोलियां मारी गईं। गोली लगते ही सरपंच जरमल सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। खून से लथपथ सरपंच का एक वीडियो भी सामने आया है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची। टीम ने पूरे पैलेस को घेरकर जांच शुरू की और शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। इस शादी समारोह में वह लड़की पक्ष की ओर से आए थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है। शादी में पहुंचे AAP विधायक सरवन सिंह बताया है कि हमलावर कोट-पेंट पहन बाराती बनकर आए थे। उन्होंने खाना खाते वक्त सरपंच के सिर में गोली मारी। सरपंच को सिक्योरिटी मिली थी, लेकिन वारदात के वक्त वहां कोई नहीं दिखा। हमले के बाद के PHOTOS… चश्मदीद बोला- अज्ञात युवक आए, सिर में गोलियां मारीं
सरपंच की हत्या के चश्मदीद ने बताया कि अमृतसर में मैरीगोल्ड मैरिज पैलेस में शादी थी। दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच 2 अज्ञात युवक आए। उन्होंने आते ही सरपंच के सिर में गोलियां मारीं। मरने वाले आम आदमी पार्टी के वल्होटा से सरपंच जरमल सिंह थे। उनके बीच क्या रंजिश थी, इसके बारे में मुझे पता नहीं। किसी धमकी का भी पता नहीं। चश्मदीद ने कहा- बारात दीनानगर से आई थी, जबकि लड़की पक्ष अमृतसर के अमरकोट गांव का रहने वाला है। वह दुल्हन की तरफ से शादी में शामिल होने आए थे। लड़की का भाई भी सरपंच है, इसलिए उन्हें शादी में बुलाया था। हमें 2 गोलियों की आवाज आई। उनकी मौत हो गई है। दूल्हा-दुल्हन के निकलते ही फायरिंग हुई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त फायरिंग हुई, उससे कुछ देर पहले ही दूल्हा-दुल्हन वहां से निकले थे। ऐसे में माना जा रहा है कि हमलावर पूरी प्लानिंग के साथ कत्ल के इरादे से पैलेस में पहुंचे थे। चश्मदीदों की माने तो हमलावर नकाब आदि भी नहीं पहने हुए थे। अकाली दल के बाद आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी
जरमल सिंह पहले अकाली दल में थे। उन्होंने दो बार अकाली दल के समर्थन से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। मौजूदा सरपंच का चुनाव भी उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन से ही जीता। शादी में पहुंचे AAP विधायक ने ये बाते बताईं… DCP बोले- इंटेलिजेंस और टेक्निकल टीमें जांच में जुटीं
अमृतसर के DCP जगजीत सिंह वालिया ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं। मैरिज पैलेस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। सरपंच को पहले भी धमकियां मिल रही थी? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तरनतारन का मामला है। इस बारे में तरनतारन पुलिस ही बता सकती है। सरपंच अमृतसर में फंक्शन में आए थे। हमलावर बाराती बनकर आए थे। इंटेलिजेंस और टेक्निकल टीमें जांच में जुट गई हैं। केस को जल्दी ट्रेस कर लेंगे।
अमृतसर में शादी समारोह में AAP सरपंच की हत्या:बाराती बनकर आए हमलावर, खाने की टेबल पर सिर में गोलियां मारीं; VIDEO सामने आया
📅 Published: January 4, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
