अयोध्या में शनिवार की देर शाम अयोध्या में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले से शहर में सनसनी फैल गई। स्थानीय अखबार के कार्यालय में कार्यरत पत्रकार राममूर्ति यादव पर अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब राममूर्ति यादव अपने वाहन के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार से पांच हमलावर कार से आए थे। उन्होंने अचानक हमला कर दिया। पत्रकार ने बताया कि पीछे से आवाज आने पर जैसे ही उन्होंने मुड़कर देखा, हमलावर ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया। इसके बाद जमकर पिटाई की गई। हमले के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सूचना अखबार कार्यालय को दी। कार्यालय कर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस मंगाकर घायल पत्रकार को जिला अस्पताल पहुंचाया। समाचार फैलते ही पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी भी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग हमले की निंदा कर रहे हैं तथा पत्रकार सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
अयोध्या में पत्रकार पर जानलेवा हमला:सिर और पैर में गंभीर चोटें, जिला अस्पताल में भर्ती
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
