बहराइच जिले के कैसरगंज नगर पंचायत में बुधवार शाम एक महिला को अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गया। थाने से मात्र पांच सौ मीटर दूर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। कैसरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दस डिहवा निवासी राजू की 30 वर्षीय पत्नी गुड़िया बुधवार शाम अपने घर के बाहर अलाव ताप रही थी। तभी एक अज्ञात हमलावर उसके पास आया और कनपटी पर गोली मारकर भाग निकला। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। घायल महिला को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक बी डी वर्मा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कैसरगंज थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की सास साबरा ने बताया कि गुड़िया और उनका बेटा राजू घर से कुछ दूरी पर स्थित किराए के मकान में रहते थे। मृतका का पति राजू वाहन चालक है और घटना के समय वह गाड़ी लेकर लखनऊ गया हुआ था। सूचना मिलने पर वह भी वापस लौट रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
अलाव ताप रही महिला की गोली मारकर हत्या:बहराइच में बदमाशों ने सिर में किया फायर, थाने से 500 मीटर दूर वारदात
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
