इंटर कॉलेज की दीवार से सटे होटल में मिले नाबालिग:छापेमारी में दो नाबालिग लड़के-लड़कियां बरामद, शिक्षण संस्थान पर उठे सवाल

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के मल्लावां कस्बे में इंटर कॉलेज के ठीक बगल चल रहे एक रेस्टोरेंट पर पुलिस ने शनिवार को छापा मारकर दो नाबालिग जोड़ों को बरामद किया। लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कुछ छात्राओं के अभिभावकों ने हाल में पुलिस से शिकायत की थी कि उनकी बेटियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और व्यवहार में भी बदलाव दिखने लगा है। अभिभावकों ने बताया कि स्कूल जाने के बजाय छात्राएं अक्सर इसी रेस्टोरेंट में समय बिताती थीं। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर अचानक छापा मारा। जांच में पता चला कि रेस्टोरेंट के पीछे अलग-अलग कमरे बनाए गए थे, जहां छात्रों का आसानी से आना-जाना था। इन्हीं कमरों से दो नाबालिग लड़के-लड़कियां मिले, जिन्हें पुलिस ने तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार छात्रों को पढ़ाई छोड़कर रेस्टोरेंट में बैठे देखा था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यहां कमरे भी बने हुए हैं। सवाल ये भी उठ रहे हैं कि इंटर कॉलेज से सटे संवेदनशील स्थान पर रेस्टोरेंट चलने के बावजूद प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कभी निरीक्षण क्यों नहीं किया। छापेमारी के बाद रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना अनुमति और सत्यापन के यह रेस्टोरेंट किसके संरक्षण में चल रहा था। घटना सामने आने के बाद अभिभावक और स्थानीय लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि स्कूल-कॉलेज के आसपास ऐसी गतिविधियों पर लगाम लग सके और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *