इटावा सफारी पार्क में दो वन्यजीवों का सफल रेस्क्यू:घायल सांभर और कुएं में गिरे तेंदुआ शावक को बचाया गया

📅 Published: December 3, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

इटावा सफारी पार्क में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में दो महत्वपूर्ण बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। वन विभाग की विशेषज्ञ टीम की देखरेख में एक गंभीर रूप से घायल सांभर और एक तेंदुआ शावक को नया जीवन मिला है। सफारी उपनिदेशक ने शाम करीब 6 बजे जानकारी साझा की। पहला अभियान 2 दिसंबर 2025 की देर शाम एटा वन प्रभाग के अलीगंज रेंज के ग्राम चिचौली में चलाया गया। यहां से एक नर सांभर को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सफारी पार्क लाया गया था। सांभर के शरीर पर कई गहरे घाव थे, जिसके बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के निर्देश पर उसे तुरंत हिरण सफारी के क्वारंटाइन हाउस में स्थानांतरित किया गया। सफारी पार्क के चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। कीपर सुधीर कुमार ने घायल सांभर को वाहन से क्वारंटाइन हाउस तक पहुंचाने में विशेष सावधानी बरती। पीछे के हिस्से और मुंह के पास गंभीर चोटें होने के बावजूद सांभर का स्वभाव सामान्य है और वह हरा चारा भी खा रहा है। घाव भरने और क्वारंटाइन अवधि पूरी होने तक उसे कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उसे सफारी क्षेत्र में छोड़ने पर निर्णय लिया जाएगा। दूसरा बचाव अभियान 25 नवंबर 2025 को शाहजहांपुर वन प्रभाग के खुटार रेंज के सौफरी ग्राम में चलाया गया। यहां से एक तेंदुआ शावक को रेस्क्यू कर इटावा सफारी पार्क भेजा गया था। लगभग 8 माह का यह शावक गहरे कुएं में गिरकर घायल हो गया था। उपचार के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ है और अपना नियमित आहार भी ले रहा है। इस शावक के आने से सफारी पार्क में तेंदुओं की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। इन दोनों सफल बचाव अभियानों ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति इटावा सफारी पार्क की सक्रियता और विशेषज्ञता को एक बार फिर साबित किया है। यह जानकारी उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने दी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *