उन्नाव में अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस की कार्रवाई:एक डंपर और जेसीबी जब्त, माफिया में हड़कंप खनन विभाग शिंकजा कसेगा

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव के सदर तहसील क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर कोतवाली पुलिस ने भौनी खेड़ा चौराहे के पास छापेमारी कर एक डंपर और एक जेसीबी जब्त की। बताया जा रहा है कि खनन माफिया महीनों से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर बेच रहे थे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। सदर तहसील के ग्राम करौंदी और आसपास के इलाकों में अवैध मिट्टी खनन लंबे समय से जारी था। स्थानीय निवासियों ने कई बार शिकायत की थी कि खनन माफिया अचलगंज क्षेत्र में स्थित गायत्री भट्टे की अनुमति का बहाना बनाकर बाहर मिट्टी की आपूर्ति कर रहे थे। बिना किसी वैध अनुमति के दिन-रात मिट्टी खोदी जा रही थी, जिससे सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा था और भू-पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खनन माफिया के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ता था। शनिवार को सदर कोतवाली पुलिस को अवैध खनन की पुख्ता सूचना मिली। सूचना के आधार पर मौके पर एक टीम भेजी गई, जिसने भौनी खेड़ा चौराहे के पास खनन करते हुए एक डंपर और एक जेसीबी को पकड़ा। जब्त किए गए वाहनों को सीज कर थाना परिसर ले जाया गया है। पुलिस खनन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। इस संबंध में खनन अधिकारी अमित ने बताया कि उन्हें अवैध खनन की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम पर फर्जी अनुमति का उपयोग किया जा रहा है, उनकी भी जांच की जाएगी। आने वाले दिनों में ऐसे इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफिया में दहशत फैल गई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *