उन्नाव में एक मकान पर 42 फर्जी मतदाता मिले:AERO ने मोहल्ले के लोगों के बयान दर्ज किए, डीएम को रिपोर्ट सौंपेंगे

📅 Published: December 3, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव नगर क्षेत्र में फर्जी मतदाताओं का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कई दिनों से मिल रही शिकायतों के आधार पर जब प्रशासनिक टीम ने जांच की, तो यह चौंकाने वाला प्रकरण उजागर हुआ। यह मामला नगर के बूथ संख्या 200, मोहल्ला पूरन के मकान संख्या 57 का है। यहां मतदाता सूची में कुल 45 मतदाता दर्ज पाए गए थे। जांच टीम के मौके पर पहुंचने पर स्थिति पूरी तरह अलग निकली। BLO राजीव त्रिपाठी ने अपने फील्ड सत्यापन में पाया कि उक्त मकान में केवल 3 लोग ही वास्तव में रहते हैं, जबकि बाकी 42 नाम संदिग्ध हैं। मकान मालिक कमलेश कुमार ने भी स्पष्ट किया कि वे इन 42 लोगों को नहीं जानते और न ही उन्होंने उन्हें कभी इस मकान में आते-जाते देखा है। मकान मालिक की बात की पुष्टि आसपास के पड़ोसियों ने भी की। उनका कहना था कि सूची में दर्ज ये 42 लोग न कभी इस घर में रहे और न ही मोहल्ले में दिखाई दिए। इसके बाद यह मामला पूरी तरह से फर्जी प्रविष्टियों की ओर इशारा करता है। मामला सामने आते ही, जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर AERO फहद मौके पर पहुंचे। उन्होंने BLO राजीव त्रिपाठी से विस्तृत पूछताछ की और सत्यापन दस्तावेजों की जांच की। BLO ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 45 नामों में से केवल 3 ही वास्तविक हैं, जबकि बाकी 42 नाम गलत तरीके से मतदाता सूची में दर्ज किए गए प्रतीत हो रहे हैं। AERO फहद ने मौके पर मकान मालिक कमलेश कुमार और आस-पड़ोस के लोगों के बयान दर्ज किए। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर बताया और कहा कि यह चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है। फहद ने जानकारी दी, “पूरा प्रकरण संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *