उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में 75 वर्षीय वृद्ध किसान राम स्वरूप की मौत हो गई। बंदीखेड़ा गांव निवासी राम स्वरूप अपनी बहन के घर जा रहे थे, तभी बिछिया क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, राम स्वरूप रोज की तरह अपने गांव से पंचमखेड़ा स्थित अपनी बहन के घर पैदल जा रहे थे। वह सड़क किनारे सामान्य गति से चल रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि राम स्वरूप जीवन भर खेती-किसानी करते रहे। अधिक उम्र के बावजूद वे मेहनती स्वभाव के थे और खेतों तथा घरेलू कार्यों में सक्रिय रहते थे। वे अक्सर अपनी बहन से मिलने पैदल ही जाया करते थे। बुधवार सुबह भी वे इसी तरह घर से निकले थे। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पंचनामा पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना से पूरे बंदीखेड़ा गांव में शोक का माहौल है।
उन्नाव में ट्रक की टक्कर से वृद्ध किसान की मौत:बहन के घर जाते समय हादसा हुआ, पुलिस कर रही ट्रक की तलाश
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
