उन्नाव में डिप्टी सीएम बोले- सपा हार से डरी:गुंडाराज खत्म हो रहा तो अखिलेश के पेट में दर्द, माफियाओं पर कार्रवाई रहेगी जारी

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव में रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी संभावित हार से डरकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। डिप्टी सीएम भाजपा जिला अध्यक्ष अनुराग सिंह के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही। डिप्टी सीएम के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना। उन्नाव सांसद साक्षी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रशासन के अधिकारी सतर्क दिखे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और एसआईआर सर्वे को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी संभावित हार को देखते हुए घबरा गया है और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। पाठक ने कहा, “एसआईआर की जो चर्चा विपक्ष कर रहा है, वह अपनी संभावित हार को आते देख घबरा गया है। बिहार में जिस तरह राजग गठबंधन ने विपक्ष के गुंडाराज और जंगलराज को समाप्त किया, उसकी हवाएं अब उत्तर प्रदेश में चल रही हैं। अखिलेश यादव जी इसी का दर्द झेल रहे हैं। 2017 से पहले चर्चा गुंडई पर होती थी, आज चर्चा विकास पर होती है।” माफियाओं पर चल रही सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने दोहराया कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “एक समय था जब हर जिले में एक माफिया हुआ करता था, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। हमारी सरकार ने माफियाओं की कमर तोड़ दी है। अखिलेश यादव जी को इसी बात से परेशानी है। उनके पेट में दर्द हो रहा है कि माफिया खत्म हो रहे हैं। ड्रग माफिया हो या अन्य अपराधी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी जेल जाएंगे और कानून का सामना करेंगे।” आरक्षण पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार संविधान और बाबा साहेब अंबेडकर की सोच के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबके विश्वास’ की नीति पर काम कर रही है। आरक्षण का पूरा सम्मान किया जाएगा और इसमें किसी तरह की कटौती का सवाल ही नहीं है।” कार्यक्रम का समापन स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *