उन्नाव में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर देशी अवैध तमंचा और कारतूस का वीडियो बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने का मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के फतुल्लाह नगर निवासी युवक के इस वीडियो से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहा युवक अंकित राजपूत है। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में अपना वर्चस्व और दहशत फैलाने के लिए इस तरह के वीडियो बनाता है। वायरल वीडियो में अंकित देसी तमंचा लहराते और कारतूस दिखाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, युवक की इन हरकतों से गांव में पहले भी तनाव की स्थिति बन चुकी है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना उसकी आदत बन गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। सदर कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया था, और क्या युवक के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस है। प्रारंभिक जांच में तमंचे के अवैध होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियारों का सोशल मीडिया पर प्रदर्शन एक गंभीर अपराध है। यदि तमंचा अवैध पाया जाता है, तो आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्यवाही की तैयारी कर रही है।
उन्नाव में युवक ने तमंचे के साथ वीडियो बनाया:पुलिस ने जांच शुरू की, तमंचे में कारतूस भरता नजर आया
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
