अमेठी के एआरटीओ कार्यालय में एक युवक द्वारा एआरटीओ से अभद्रता और हाथापाई का मामला सामने आया है। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। यह घटना 26 नवंबर को गौरीगंज के सैठा रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय में हुई थी। दोपहर के समय एआरटीओ महेंद्र बाबू गाड़ियों की फिटनेस जांच कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के गांव का रहने वाला रवि शुक्ला मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर एआरटीओ को गाली-गलौज करने लगा। जब एआरटीओ ने इसका विरोध किया, तो युवक ने उनसे हाथापाई भी की। कार्यालय में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी जब तक मौके पर पहुंचते, आरोपी रवि शुक्ला अपनी मोटरसाइकिल लेकर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद एआरटीओ महेंद्र बाबू ने गौरीगंज कोतवाली में आरोपी रवि शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। हालांकि, तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस की इस निष्क्रियता से एआरटीओ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय और गहरा आक्रोश है। इस संबंध में गौरीगंज थाना प्रभारी श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ से अभद्रता, 3 दिन बाद भी केस दर्ज नहीं:अमेठी में युवक ने की हाथापाई, ऑफिस कर्मचारियों में आक्रोश
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
