एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 34 पर एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। 40 घंटे बाद मृतक की पहचान नगला भूड़ निवासी कालीचरण पुत्र गजराज के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही संजू नामक व्यक्ति पर दावत के बहाने घर से बुलाकर ले जाने का आरोप है। रविवार देर रात मधूपुरा गांव के समीप नेशनल हाईवे 34 पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर मलावन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भिजवाया था। पुलिस लगातार मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी थी। मंगलवार दोपहर मृतक के परिजन मलावन थाने में कालीचरण की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे थे। पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो और कपड़ों से उन्होंने शव की पहचान की। इसके बाद परिजन मॉर्च्युरी पहुंचे और शव की शिनाख्त की पुष्टि की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव का ही संजू रविवार को कालीचरण को दावत खाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद से कालीचरण लापता थे। परिजनों ने संजू पर ही कालीचरण की हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भतीजे प्रदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि कालीचरण उनके चाचा थे। रविवार को संजू उन्हें दावत के लिए बुलाकर ले गया था। प्रदीप ने बताया कि आज दोपहर थाने पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें फोटो दिखाए, जिससे कपड़ों के आधार पर पहचान हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एटा नेशनल हाईवे पर मिला शव, 40 घंटे बादपहचान:भतीजे ने कहा- दोस्त दावत के बहाने बुलाकर ले गया था, तब से लापता थे
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
