एटीएम ठगी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार:बांदा पुलिस ने 50 हजार नकद और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बांदा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 50 हजार रुपये नकद और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हुई। यह मामला 29 अक्टूबर 2025 का है। कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी सोहनलाल तिवारी अलीगंज स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकाल रहे थे। तभी दो अज्ञात व्यक्ति मदद के बहाने एटीएम के अंदर आए और हेराफेरी कर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। सोहनलाल को उस समय इसकी जानकारी नहीं हो पाई। बाद में, अभियुक्तों ने सोहनलाल के बदले हुए एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर 99,500 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आने के बाद सोहनलाल को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच के बाद अभियुक्त की पहचान महताब हसन पुत्र महफूज हसन के रूप में की। महताब प्रतापगढ़ जिले के महुवार गांव का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, महताब हसन के खिलाफ पहले से ही लगभग आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त महताब हसन के कब्जे से ठगी किए गए 50 हजार रुपये नकद और 5 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस इस मामले में शामिल एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *