उन्नाव में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर बढ़ते विवाद और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की मौतों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर, उन्नाव जनपद में आप कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में सरदार पटेल पार्क, उन्नाव बाइपास पर मृतक बीएलओ को श्रद्धांजलि दी और विरोध दर्ज कराया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव ने कहा कि एसआईआर के नाम पर पूरे देश में बीएलओ को अमानवीय परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की ज्यादतियों के कारण अब तक 25 से अधिक बीएलओ अपनी जान गंवा चुके हैं। यादव ने जोर देकर कहा कि बीएलओ मशीन नहीं, इंसान हैं, और उन्हें मौत की तरफ धकेला जा रहा है। कुलदीप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि बीएलओ पर बिना किसी संसाधन, प्रशिक्षण और सुरक्षित माहौल के भारी दबाव डाला जा रहा है। कई बीएलओ को रातभर फील्ड में काम करना पड़ रहा है। घर-घर जाकर डेटा अपडेट करने के दौरान उन्हें राजनीतिक दबाव, धमकियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार तनाव, अवसाद और थकान के चलते कई बीएलओ को हार्ट अटैक आया, जबकि कुछ ने आत्महत्या कर ली। इसके बावजूद, न तो सरकार और न ही चुनाव आयोग ने किसी प्रताड़ित या मृत बीएलओ के परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की है, जिसे उन्होंने “बेहद शर्मनाक और अमानवीय” बताया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर को जिस अंधाधुंध गति और कठोरता के साथ लागू किया जा रहा है, वह प्रशासनिक प्रक्रिया से अधिक राजनीतिक आदेश प्रतीत होता है। यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की इस “निर्मम जल्दबाज़ी” का परिणाम 25 से अधिक मौतों के रूप में सामने आया है, और अब आयोग को इसका जवाब देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बीएलओ को दबाव के बीच मरने के लिए छोड़ देना लोकतंत्र के लिए एक “काला अध्याय” है। आम आदमी पार्टी ने बीएलओ की मौतों की उच्च स्तरीय जांच, मृतक परिवारों को उचित मुआवजा और एसआईआर के नाम पर हो रही “अत्याचारपूर्ण कार्यवाही” को रोकने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता और चुनाव आयोग की चुप्पी उनके विरोध के प्रमुख कारण हैं। इस मौके पर महासचिव शैलेन्द्र उपाध्याय, नगर अध्यक्ष मान सिंह, यूथ विंग जिलाध्यक्ष दीपू कुमार, महासचिव भानु प्रकाश, शरीफ खान, जिला सचिव अश्वनी कुमार, उपाध्यक्ष दीपक राजपूत, समाजसेवी सिराज खान, जिला कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता, अमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एसआईआर कार्य के दौरान 25 से अधिक बीएलओ की मौत:AAP का भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, श्रद्धांजलि दी
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
