कानपुर देहात में युवक ने की आत्महत्या:भेवान गांव के बाहर बाउंड्री वॉल से लटका मिला शव

📅 Published: December 3, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र स्थित कंजरडेरा भेवान गांव में बुधवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव के बाहर एक प्लाटिंग की बाउंड्री वॉल के पिलर से लटका मिला। शौच के लिए खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने सबसे पहले राज कपूर के शव को फंदे पर लटकते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान अमर सिंह के पुत्र राज कपूर के रूप में हुई है। राज कपूर मेहनत-मजदूरी करता था और चारपाई बनाने का काम भी करता था। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी पत्नी अंजलि की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह अक्सर गुमसुम रहता था। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता अमर सिंह, मां शकुंतला, भाई गोविंद, शिव सिंह, भोला, राजन, विनोद सहित उसकी 12 वर्षीय पुत्री नैंसी, 10 वर्षीय जानवी, 8 वर्षीय पुत्र रिशु और 6 वर्षीय अविनाश मौके पर पहुंचे। परिवार में शोक का माहौल है। कोतवाल प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना दर्ज कर ली गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *