कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना अलीगंज रोड स्थित ग्राम लियोडेया के समीप हुई। मृतक की पहचान दरियावगंज निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र सोनपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार अपनी बाइक से सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम गढ़ी बढ़ोला से एटा जिले के रामनगर जा रही एक बारात में शामिल थे। रात करीब 9 बजे जब वह ग्राम लियोडेया के पास पहुंचे, तो उनकी बाइक की सामने से आ रही एक स्कूल बस से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस में बुरी तरह फंस गई और दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बारातियों ने उन्हें तुरंत पटियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया। दिनेश की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पटियाली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
कासगंज में सड़क हादसें में बाइक सवार युवक की मौत:बारात में जाते समय स्कूल बस से हुई टक्कर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
