कुतुबखाना सब्जी मंडी में रात में चला बुलडोजर:सब्जी विक्रेताओं का हजारों का नुकसान, कई ठेले, टीन शेड और चबूतरे जमींदोज

📅 Published: November 28, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बरेली की कुतुबखाना सब्जी मंडी में शुक्रवार रात अचानक बुलडोजर पहुंच गया। बाजार बंद हो चुका था, लेकिन नगर निगम की टीम कोतवाली पुलिस के साथ सीधे मंडी में दाखिल हुई और ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में कई ठेले, टीन शेड और चबूतरे जमीन पर नजर आने लगे। जैसे ही व्यापारियों को इसकी खबर लगी, वे बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हंगामा बढ़ने लगा तो निगम की टीम पीछे हट गई, लेकिन तब तक सब्जी विक्रेताओं का हजारों का नुकसान हो चुका था। 100 वर्ष से अधिक पुरानी है कुतुबखाना सब्जी मंडी
बरेली की 100 वर्ष से अधिक पुरानी कुतुबखाना सब्जी मंडी में रात करीब साढ़े 10 बजे नगर निगम के अधिकारी प्रवर्तन दल की टीम के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे। उस समय बाजार पूरी तरह बंद था। टीम ने बुलडोजर से सब्जी विक्रेताओं की अस्थायी दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान व्यापारियों को सूचना मिल गई और वे मौके पर पहुंच गए। तब तक सब्जी विक्रेताओं का काफी नुकसान हो चुका था। शनिवार को भी चलेगा बुलडोजर
सब्जी विक्रेताओं के ठेले, फड़ और टीन शेड बुलडोजर से चकनाचूर कर दिए गए। हजारों रुपये की सब्जी भी नष्ट हो गई। हालांकि व्यापारियों के विरोध के चलते नगर निगम की टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि शनिवार को भी सब्जी मंडी में बुलडोजर चलाया जाएगा। सब्जी विक्रेताओं में कार्रवाई को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर हटाना ही था तो पहले नोटिस देना चाहिए था, लेकिन कोई नोटिस नहीं दिया गया। नगर आयुक्त बोले—रात में नहीं चलाना चाहिए था बुलडोजर
इस मामले में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि उद्योग बंधु की बैठक में शिकायत की गई थी कि कुतुबखाना सब्जी मंडी में भारी अतिक्रमण है, जिसकी वजह से आवागमन में दिक्कत होती है। इसी के बाद निगम की टीम वहां कार्रवाई के लिए पहुंची। उन्होंने कहा कि रात में बुलडोजर नहीं चलाना चाहिए था।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *