कुशीनगर में बुखार से पीड़ित बच्चों की मौत:डीएम ने रोकथाम, प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

📅 Published: December 3, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के पिपरा खुर्द ग्राम सभा के टोला गुलहरिया में बुखार से पीड़ित दो बच्चों की मृत्यु के बाद बुलाई गई थी। इसमें बीमारी की रोकथाम के लिए कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जैसे संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, गुलहरिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में स्क्रीनिंग अभियान चलाने तथा चिकित्सकों की टीम को निगरानी के लिए मुस्तैद रहने को कहा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि गांव में बीमार व्यक्तियों और अस्पताल में भर्ती मरीजों का पता लगाया जाए। उन्होंने बताया कि 18 बच्चों की पहचान की गई है, जिन्हें समय-समय पर दवाएं दी जाएं। इन बच्चों की सुबह-शाम की रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने और स्थिति पर कड़ी नजर रखने के लिए चिकित्सकों को उचित मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह बीमारी जानवरों में पाई जाती है और मनुष्यों के बीच एक-दूसरे से नहीं फैलती है। उन्होंने पशुओं को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा ग्रामवासियों के बीच बैनर और पोस्टर के माध्यम से जन जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाने, एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने और गांव में साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने इस बीमारी से संबंधित सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *