कुशीनगरके कप्तानगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बीती रात एक नवजात शिशु को चोरी करने का प्रयास विफल कर दिया गया। वार्ड में घुसे एक महिला और पुरुष ने बच्चे को उठाने की कोशिश की, लेकिन स्टाफ और परिजनों की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई। घटना ग्राम पंचायत मोहन मुण्डेरा के निवासी जुली पत्नी गोपी चंद के नवजात शिशु के एनबीएचयू (नवजात बाल स्वास्थ्य इकाई) वार्ड में भर्ती होने के दौरान हुई। जुली ने बच्चे को पीलिया की शिकायत पर बुधवार दोपहर सीएचसी में भर्ती कराया था। वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स बिनीता चौधरी उस समय पीआईसीयू में थीं। परिजनों ने अजनबी महिला और पुरुष को नवजात को उठाने का प्रयास करते देखा और पूछताछ की। शोर सुनकर अन्य स्टाफ और मरीजों के परिजन मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ते देख संदिग्ध वहां से भागने में सफल रहे। सीएचसी प्रभारी डॉ. सूर्यभान कुशवाहा ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए। कप्तानगंज सीएचसी में यह नवजात चोरी का पहला मामला नहीं है। कुछ ही दिनों पहले कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भी नवजात चोरी हुआ था, जिसे पुलिस ने 30 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद किया था।
कुशीनगर सीएचसी में नवजात चोरी का प्रयास:संदिग्ध महिला-पुरुष ने उठाने की कोशिश की, मां-पिता को देख फरार
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
