कोई भी नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे:हरदोई में डीएम ने दिए निर्देश, कहा- SIR की प्रक्रिया समय से पूरी करें, पाददर्शिता रखें

📅 Published: November 25, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में चल रही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में यह कार्य निष्पक्षता और शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि हर मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचना चाहिए और कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। डीईओ ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को एसआईआर कार्यों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीएलओ के कार्यभार, प्रशिक्षण और मनोबल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी फील्ड कार्मिक चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए समय पर कार्य करें। जिलाधिकारी ने जिला संपर्क केंद्रों और कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को पूरी तरह प्रशिक्षित रखने तथा टेलीफोन लाइनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसका उद्देश्य जनसामान्य की शिकायतों और जिज्ञासाओं का त्वरित समाधान करना है। डीईओ ने कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने, डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने और “बुक अ कॉल विद बीएलओ” ऐप पर लंबित मामलों को 48 घंटे के भीतर निपटाने के आदेश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील त्रिवेदी, अपर जिलाधिकारी अरुणिमा श्रीवास्तव सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद, डीईओ ने विधानसभा गोपामऊ के बूथ संख्या 7 के बीएलओ (सहायक अध्यापक) इफरान अली को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इफरान अली ने शत-प्रतिशत प्रपत्र वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन करके एक आदर्श प्रदर्शन किया था। डीईओ ने सभी बीएलओ से इसी निष्ठा और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए एसआईआर 2026 अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *