कोचिंग सेंटर के बाहर छात्र पर धारदार हथियार से हमला:गंभीर रूप से घायल, चेहरे-गर्दन पर 35 टांके

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

इटावा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के चौगुर्जी में गुरुवार शाम कोचिंग सेंटर के बाहर कक्षा 12 के छात्रों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। मामूली बात पर शुरू हुई नोकझोंक अचानक मारपीट में बदल गई और तीन छात्रों ने मिलकर एक किशोर को पीटना शुरू कर दिया। हमले के दौरान दो छात्र मौके से भाग निकले, जबकि तीसरा छात्र वहीं रह गया। इसी दौरान पिट रहा किशोर अचानक उग्र हो गया और मौके पर मौजूद शिक्षक के बेटे को पकड़ लिया। आरोप है कि उसने अचानक किसी धारदार वस्तु से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि छात्र के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। घटना के दौरान मौजूद दो साथी छात्र घायल किशोर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर श्याम मोहन ने उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल छात्र के चेहरे और गर्दन पर लगभग तीस से पैंतीस टांके आए हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बताया गया है कि दोनों छात्र एक ही विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थी हैं और एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ते हैं। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई। हमला करने वाला किशोर वारदात के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि फुटेज और छात्रों के बयान के आधार पर पूरी घटना की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। घटना के बाद कोचिंग सेंटर के बाहर और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। अभिभावक भी कोचिंग सेंटरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर चिंतित नजर आए। उन्होंने मांग की कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कोचिंग संस्थानों के बाहर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाए

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *