गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों का अंतिम संस्कार संभल के उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में किया गया। वहीं, दो अन्य मृतकों, मां और बेटे का अंतिम संस्कार अमरोहा में हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मृतकों के शव जनपद संभल की तहसील चंदौसी के कोतवाली बहजोई क्षेत्र के गांव विसारु पहुंचे। शवों के पहुंचते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। शाम 5 बजे चारों की अंतिम यात्रा एक साथ निकली, जिसमें सड़कों से लेकर छतों तक लोग खड़े थे। शाम 5:40 बजे सभी चिताओं को लगाया गया और गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। गांव विसारु में रेनू (35 वर्षीय) पत्नी रोहित खड़गवंशी, उनके 8 वर्षीय बेटे भास्कर, 12 वर्षीय बेटी रिया और गीता (34 वर्षीय) पत्नी सुनील का अंतिम संस्कार किया गया। मां-बेटी-बेटे की चिता एक साथ लगाई गई, जबकि भाभी गीता की चिता अलग लगाई गई। देववती (46 वर्षीय) पत्नी सत्यपाल और कपिल (10 वर्षीय) पुत्र किशनपाल का अंतिम संस्कार जनपद अमरोहा के थाना आदमपुर स्थित गांव बागड़पुर छोईया में हुआ। गांव विसारु में हुए अंतिम संस्कार में सपा विधायक पिंकी यादव, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, बीजेपी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी और भाजपा नेता कमल कुमार कमल सहित हजारों लोग शामिल हुए। यह भीषण सड़क हादसा 27 नवंबर की शाम 6:30 बजे थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ था। एक ऑल्टो कार और बोलेरो पिकअप में आमने-सामने की टक्कर हुई थी। ऑल्टो कार में रोहित का पूरा परिवार था। इस हादसे में रोहित की पत्नी, एक बेटी और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि रोहित और उसका एक छोटा बेटा घायल हैं, जिनका मुरादाबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा है। रोहित की बहन देववती और भांजे कपिल की भी इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई। पिकअप गाड़ी में फूलगोभी, मटर और मिर्च भरी हुई थी। देखें अंतिम संस्कार की फोटो…
गंगा एक्सप्रेस-वे हादसा, संभल में 4 मृतकों का अंतिम संस्कार:दो को अमरोहा ले गए, मां-बेटी-बेटे की चिता एक साथ जली, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
