एटा जिले के थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव गढ़वाला के समीप एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर महिला सवार थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान मीरा देवी (50) पत्नी बदन सिंह, निवासी नवीनगर, थाना मिरहची के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मीरा देवी को मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से शनिवार शाम करीब 7 बजे जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि अज्ञात वाहन और बाइक की टक्कर में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्होंने बताया कि मीरा देवी पड़ोसी गांव सिहोरी में एक शादी समारोह में गई थीं और एक रिश्तेदार की बाइक पर बैठकर वापस लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल, थाना पिलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गढ़वाला के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी:एटा में महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
