गाजियाबाद में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 36 लाख 20 हजार रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। लोनी के नाईपुरा निवासी संसार पाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि एक महिला ने फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे यह राशि ठगी है। पीड़ित के अनुसार, 23 सितंबर 2025 को उनकी फेसबुक पर एक महिला से चैट शुरू हुई। महिला ने अपना नाम सुष्मिता देसाई बताया और खुद को दिल्ली निवासी फैशन डिजाइनर बताया। कुछ दिनों की बातचीत के बाद महिला ने अपना व्हाट्सएप नंबर साझा किया। बातचीत के दौरान महिला ने संसार पाल का भरोसा जीता और खुद को व्यवसायी बताकर ऑनलाइन निवेश में बड़े मुनाफे का दावा किया। उसने पीड़ित को एक ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के बारे में समझाया और लगातार लिंक भेजकर निवेश के लिए प्रेरित किया। महिला की बातों में आकर संसार पाल ने पहली बार 8 अक्टूबर 2025 को 20 हजार रुपए एक खाते में भेजे। महिला उन्हें बार-बार आश्वासन देती रही कि यह पैसा ट्रेडिंग लिंक पर लगा है और जल्द ही बड़ा लाभ मिलेगा। पीड़ित का कहना है कि महिला ने उन्हें ‘TRUST Wallet’ जैसा एक लिंक भी भेजा था, जिसमें निवेश दिखाया जाता था, लेकिन यह प्लेटफॉर्म नकली निकला। जब कई दिनों तक कोई लाभ नहीं मिला और महिला ने संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया, तब संसार पाल को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने सभी बैंक लेनदेन की रसीदें, चेक की प्रतियां, स्क्रीनशॉट और पूरी चैट का रिकॉर्ड इकट्ठा कर पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने और इस ऑनलाइन ठगी गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गाजियाबाद में ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी:महिला ने 36 लाख रुपए हड़पे, पीड़ित ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
