चंडीगढ़ में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज (बुधवार) को 10 हजार किसान पहुंचेंगे। प्रशासन की तरफ से किसानों को सेक्टर-43 के दशहरा ग्राउंड में 3 घंटे रैली की अनुमति मिली है। इसे देखते हुए लॉ एंड ऑर्डर के लिहाज से पुलिस ने 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। ऐसा पहली बार हुआ है जब प्रशासन ने किसानों को बिना कोई शर्त के रैली की परमिशन दी है। किसानों ने रैली स्थल पर पहुंचकर इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। सेक्टर 43 में जिस जगह रैली होगी वो मोहाली से सटा हुआ क्षेत्र है, इसीलिए किसान चंडीगढ़ के ज्यादा अंदर नहीं आ सकेंगे। किसान संगठनों का कहना है कि दिल्ली में हुए आंदोलन को 5 साल पूरे हो गए हैं, मगर गवर्नमेंट ने अभी भी मांग पूरी नहीं की है। इसीलिए चंडीगढ़ में रैली रखी गई है। यहां किसान आंदोलन की पांचवीं सालगिरह भी मनाई जाएगी। जिसमें 30 किसान संगठनों के आने की संभावना है। रैली की तैयारी को देर रात तक जुटे रहे किसान नेता
संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा की जा रही रैली की तैयारी को देखने के लिए किसान देर रात ही रैली स्थल पर पहुंच गए। दशहरा ग्राउंड पर खुले में ही मंच लगाई गई है। किसानों के बैठने के लिए इंतजाम भी किया गया है। किसान नेताओं ने रैली में पहुंचने के लिए पंजाब के विभिन्न हिस्सों में आह्वान भी किया।
3 घंटे रैली की परमिशन
SKM की तरफ से कृषि कानूनों के खिलाफ हुए संघर्ष की पांचवीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। एसकेएम की तरफ से सभी राजधानियों में रैली की जा रही है। चंडीगढ़ प्रशासन ने रैली के लिए 3 घंटे का समय दिया है। यह रैली दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 3 बजे इसका समापन करने का समय रखा गया है। इसमें पंजाब के 30 किसान संगठनों के किसान शामिल होने की संभावना है। किसानों के प्रदर्शन की वजह से ये सड़कें बंद रहेंगी
चंडीगढ़ पुलिस ने किसानों की रैली को देखते हुए रैली स्थल के आस पास की सड़कों पर ट्रैफिक को डायवर्ट या प्रतिबंधित किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की सूचना के मुताबिक इससे जन मार्ग, जिसमें कजहेड़ी चौक (सेक्टर 42/43-52/53) से सेक्टर 42/43 छोटा चौक तक, अटावा चौक (सेक्टर 35/36/42/43) तक और सेक्टर 43 में सेक्टर 43/44 लाइट प्वाइंट से ज्यूडिशियल अकादमी लाइट प्वाइंट से सेक्टर 42/43 छोटे चौक तक वी-4 रोड पर ट्रैफिक पर असर पड़ेगा। एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि हमने सभी प्रबंध कर लिए हैं। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति के निपटने के साथ साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए प्लान जारी किया जाएगा। शहर निवासियों से भी उनकी तरफ से सहयोग की मांग की गई है।
चंडीगढ़ में आज पहुंचेंगे 10 हजार किसान:पहली बार बिना शर्त 3 घंटे परमिशन, ट्रैफिक डायवर्ट किया; 30 किसान संगठनों के आने की संभावना
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
