चंडीगढ़ के मनीमाजरा रोड पर सोमवार एक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चलती सड़क पर एक बड़ा ट्रक एक्टिवा के ऊपर चढ़ गया, जिस पर एक शख़्स सवार था, जो ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मौली जागरण निवासी विक्की गर्ग के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और ट्रक सड़क पर ही छोड़कर भाग निकला। घर लौटते समय हुआ हादसा पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्की अपनी एक्टिवा पर हेलमेट पहनकर राजीव कॉलोनी, मनीमाजरा स्थित अपनी कबाड़ की दुकान से घर लौट रहा था। जैसे ही वह मौली जागरण रोड पर पीर बाबा के पास पहुँचा, सड़क पर जा रहे ट्रक के पिछले टायर के नीचे फंस गया। ट्रक के टायर उसके सिर के ऊपर से चले गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दो बच्चे हैं मृतक के पुलिस ने बताया कि मृतक विक्की शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी, एक 2 साल का बेटा और दो महीने की बेटी है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही विक्की के पिता की भी हादसे में मौत हो गई थी। घर में उसका एक छोटा भाई भी है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
चंडीगढ़ में ट्रक के नीचे आया एक्टिवा सवार, मौत:मनीमाजरा रोड पर हुआ हादसा, ट्रक छोड़ कर चालक फरार
📅 Published: December 1, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
