चित्रकूट में यातायात माह संपन्न, 1.96 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला:सड़क सुरक्षा पुस्तक का विमोचन, 25 हेलमेट भी बांटे गए

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

चित्रकूट में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए चलाए जा रहे ‘यातायात माह नवंबर 2025’ का समापन सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर में एक समारोह के साथ किया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 1 करोड़ 96 लाख 86 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने आम लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर ‘आओ सीखें सड़क सुरक्षा’ नामक लघु पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। समापन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात यामीन अहमद और पीटीओ दीप्ती त्रिपाठी उपस्थित रहे। लॉटरी के माध्यम से बिना हेलमेट पकड़े गए 25 चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। यातायात माह के दौरान विभिन्न थानों और यातायात पुलिस द्वारा लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इसके तहत पंपलेट, हैंडबिल और स्टिकर वितरित किए गए। ठंड और कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और मालवाहक वाहनों पर निःशुल्क रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। साथ ही राजमार्गों के किनारे खड़ी अवैध गाड़ियों को हटाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। शहर में जाम की समस्या उत्पन्न करने वाले वाहनों को हटाकर चेतावनी भी दी गई। यातायात माह के दौरान कुल 8473 वाहनों पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इसमें बिना हेलमेट वाले 5703, बिना सीट बेल्ट वाले 492, मोबाइल का उपयोग करने वाले 51, नशे में वाहन चलाने वाले 89 और अन्य उल्लंघन करने वाले 2139 वाहन शामिल थे। इस अवधि में 59 वाहन सीज किए गए। इसके अतिरिक्त, जनपद पुलिस द्वारा सात नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से 28 विद्यालयों के 3074 विद्यार्थियों, 8427 नागरिकों और 792 ऑटो, टैक्सी व ई-रिक्शा चालकों को जागरूक किया गया। इस मौके पर डायट प्रवक्ता नीलम यादव, अखिलेश कुमार पांडेय, राजेश कुमार उपाध्याय, डॉ गोरेलाल यादव, सौरभ चंद सविता, हेम सिंह, शिव प्रसाद, मोहित कुमार, शिक्षक, विद्यार्थी सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *