चित्रकूट में संविधान दिवस मनाया गया:जन शिक्षण संस्थान ने एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

चित्रकूट में संविधान दिवस के अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कौशल विकास तथा उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित है। जनपद के मऊ स्थित पंडित शिवकुमार त्रिपाठी इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा औपचारिक रूप से अपनाया गया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। बुधवार को संविधान को अपनाने की 76वीं वर्षगांठ मनाई गई। यह दिन लोकतंत्र, न्याय और समानता के सिद्धांतों के उत्सव के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में पंडित शिवकुमार त्रिपाठी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शुक्ला, मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता प्रफुल्लचंद्र त्रिपाठी, जन शिक्षण संस्थान के परियोजना समन्वयक बनारसी लाल पाण्डेय, सहायक परियोजना समन्वयक प्रभाकर मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर सुघर सिंह तथा जनमेजय सिंह उपस्थित रहे। कुल 51 बालिकाएं, 73 बालक और 14 विद्यालय परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई गई। प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शुक्ला ने संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों का स्मरण कराते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान देश का मार्गदर्शक ग्रंथ है, जो नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों दोनों को निर्देशित करता है। उन्होंने सभी को संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता प्रफुल्लचंद्र त्रिपाठी ने सभी से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय संवैधानिक मर्यादाओं, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करें। उन्होंने बताया कि यह शपथ हमें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करती है और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संदेश देती है। कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया कि संविधान की शपथ केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हर व्यक्ति को अपने कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के परियोजना समन्वयक बनारसी लाल पाण्डेय ने संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *