जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में रविवार सुबह ग्राम पंचायत देवकली में तैनात सफाई कर्मी सुरेंद्र कुमार बाल्मीकि (32) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अचानक घर के कमरे में फंदे पर लटकता शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह शव को नीचे उतारा और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कालपी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक सुरेंद्र कुमार पुत्र रमेश बाल्मीकि, कालपी कोतवाली के इंदिरा नगर का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से ग्राम पंचायत देवकली में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था। परिजनों का कहना है कि सुरेंद्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका उन्हें कोई अंदाजा नहीं है। परिवार इस घटना के बाद पूरी तरह सदमे में है। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों व परिचितों के बयान मिलने के बाद ही चल सकेगा।
जालौन के कालपी में सफाईकर्मी ने की आत्महत्या:कमरे में फंदे से लटका मिला शव, देवकली गांव में था तैनात
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
