जालौन के जिला एवं सत्र न्यायालय की अपर पारिवारिक न्यायालय उरई में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुनवाई के दौरान एक युवती ने अपने पति को थप्पड़ जड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट चैंबर में अफरा-तफरी मच गई। याचिका संख्या 239/2022 सौरभ सुमन द्विवेदी बनाम इच्छा तिवारी धारा 9 हिंदू विवाह अधिनियम की सुनवाई दोपहर लगभग 12 बजे चल रही थी, तभी यह विवाद सामने आया। पीड़ित सौरभ सुमन द्विवेदी पुत्र अरविंद द्विवेदी निवासी शांतिनगर, उरई ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी इच्छा तिवारी ने कोर्ट की कार्यवाही के दौरान जान से मारने की नीयत से उन्हें थप्पड़ मारा, जो न्यायालय की मर्यादा और आदेश की अवमानना है। थप्पड़ मारने के तुरंत बाद कोर्ट कक्ष में मौजूद लोग सहम गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी सौरभ ने बताया कि घटना के दौरान इच्छा तिवारी के साथ उसके पिता प्रदीप तिवारी, मोहन तिवारी, रामसिन्दूर गुर्जर और गुड्डन तिवारी भी मौजूद थे। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार परिजनों ने साफ कहा कि यदि उसने मुकदमा वापस नहीं लिया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। यह पूरी घटना न्यायालय में मौजूद अन्य लोगों ने भी देखी। घटना के बाद पीड़ित युवक किसी तरह कोर्ट कक्ष से बाहर आया, जहां बाहर भी पत्नी व उसके परिजनों ने उसे घेरकर धमकियां दीं। मामले को लेकर सौरभ ने कोतवाली उरई में तहरीर देकर सभी आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन पीड़ित की FIR दर्ज नहीं की। कोर्ट के अंदर हुए इस विवाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जालौन कोर्ट में पत्नी ने पति को थप्पड़ मारा:मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
