जालौन के रेंढ़र थाना क्षेत्र में नहर किनारे स्थित बंगरा–कुदारी मार्ग का तीव्र मोड़ लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। शनिवार को जहां एक खाली एंबुलेंस इसी मोड़ पर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी, वहीं रविवार की रात फिर एक कार हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, माधौगढ़ कस्बा निवासी 38 वर्षीय सुनील दिवाकर रविवार रात ग्राम धंजा से लौट रहे थे। तेज रफ्तार में मोड़ का सही अनुमान न लग पाने से उनकी कार सीधी नहर में गिर गई। जोरदार धमाके के साथ कार पलट गई और सुनील अंदर ही फंस गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आवाज सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सुनील को बाहर निकाला और गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ देर और मदद न मिलती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस खतरनाक मोड़ पर संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग और सड़क मरम्मत के अभाव में हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और वे वर्षों से प्रशासन से सुधार कार्य की मांग कर रहे हैं। रेंढ़र थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण घायल को अस्पताल ले जा चुके थे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है।
जालौन में अनियंत्रित कार नहर में गिरी:ग्रामीणों ने युवक की बचाई जान, दो दिन पहले एम्बुलेंस गिरी थी
📅 Published: December 1, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
