जैकी श्रॉफ ने किया सरिता मोर के बेटे का नामकरण:भगवान शिव के नाम पर रखा दक्षित; मां बनने के बाद कमबैक की तैयारी में हरियाणवी रेसलर

📅 Published: November 27, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

विश्व की नंबर-1 रेसलर रहीं सरिता मोर के बेटे का नामकरण बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने किया। नामकरण समारोह में पहुंचे श्रॉफ ने सरिता के बेटे का नाम ‘दक्षित मान’ रखा, जो भगवान शिव के नाम पर है। जैकी ने बच्चे को गिफ्ट में पौधा दिया। दिल्ली में हुए नामकरण समारोह में जैकी श्रॉफ ने बच्चे को गोद में लेकर कहा कि भिड़ू, ऊपर वाला तुझे मुझसे भी ज्यादा इज्जत, नाम और शोहरत दे। नामकरण से पहले जैकी श्रॉफ ने फोन पर बच्चे की राशि पूछी थी। पति जो सरिता के कोच भी हैं, राहुल मान ने उन्हें बताया कि बच्चे की राशि ‘मीन’ है, जिसके बाद जैकी ने फोन पर ही ‘दक्षित’ नाम सुझा दिया था। समारोह में करीब 1 घंटे मौजूद रहे जैकी श्रॉफ ने सरिता और परिवार को अपने मुंबई स्थित घर पर आने का निमंत्रण भी दिया। सरिता के पति राहुल मान ने बताया कि 2010 में दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में जैकी दादा के साथ मुलाकात हुई थी। तब से लेकर अब तक परिवार के साथ उनकी पारिवारिक जान-पहचान बनी हुई है। सरिता ने 7 अक्टूबर को बेटे को जन्म दिया था। वजन घटाने में जुटीं सरिता मोर, अगले महीने मैट पर लौटेंगी
बेटे के जन्म के एक सप्ताह बाद ही सरिता ने फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। उनका लक्ष्य दिसंबर के अंत तक मैट पर लौटने का है। पति व कोच राहुल मान ने बताया कि परंपरा के अनुसार 40 दिन बाद सरिता ट्रेनिंग शुरू कर सकती हैं। सरिता कहती हैं कि जब बॉक्सर मैरी कॉम मां बनने के बाद 3 बार विश्व चैंपियन बन सकती हैं, तो मैं क्यों नहीं।” कड़ी डाइट, वजन घटाने पर फोकस
हरियाणा में प्रसव के बाद मिलने वाले घी-मेवे, पंजीरी और गूंद के लड्डू से वजन बढ़ने की आशंका रहती है। लेकिन सरिता सख्त डाइट फॉलो कर रही हैं। राहुल ने बताया कि वेट नियंत्रण में रखने के लिए डाइटीशियन का प्लान फॉलो किया जा रहा है और पंजीरी-गूंद का सेवन बहुत कम किया जा रहा है। डिलीवरी से पहले सरिता का वजन 88 किलो था, जो अब घटकर 76 किलो रह गया है। अगले कुछ हफ्तों में इसे 66 किलो तक लाने की योजना है। इसके बाद लक्ष्य 57 किलो वेट कैटेगरी में लौटने का है। ओलिंपिक में भी यही श्रेणी मौजूद है। लक्ष्य- ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप का पदक
सरिता ने आखिरी बार 2024 में सीनियर एशियन और वर्ल्ड रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में भाग लिया था, जहां उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब बेटा होने के बाद वे नई एनर्जी और नए लक्ष्य के साथ मैट पर उतरने की तैयारी में हैं। 59 किलो भार वर्ग में वर्ल्ड नंबर-1 रहीं
सरिता मोर भारतीय महिला कुश्ती की प्रमुख चेहरों में से एक हैं। उन्होंने 2022 में विश्व रैंकिंग में 59 किलोग्राम वर्ग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था और एशियाई चैंपियनशिप में चार पदक जीते हैं। 2021 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। गीता फोगाट ने बेटे के जन्म के बाद कमबैक किया, 30 किलो वजन घटाया। राहुल बताते हैं कि कॉमनवेल्थ में देश की पहली गोल्ड मेडल विजेता रेसलर गीता फोगाट ने भी वर्ष 2021 में बेटे के जन्म के बाद खेल में कमबैक किया था। गोंडा में हुई नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। गीता को इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सरिता ने ही हराया था। वहीं, गीता ने 30 किलोग्राम से ज्यादा वजन तोड़कर 59 केजी वेट कैटेगरी में कमबैक करते हुए रजत पदक जीता था। वैसे मां बनने के बाद सबसे अच्छा कमबैक बॉक्सर मैरी कॉम ने किया था। 2014 एशियाई खेल में मैरी कॉम ने बच्चे के जन्म के बाद दो साल की छुट्‌टी के बाद वापसी करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता। अब पढ़िए….सरिता के वैवाहिक जीवन से मां बनने तक का सफर प्रेग्नेंसी के वक्त सरिता ने फेसबुक पर की थी पोस्ट
प्रेग्नेंसी के दौरान भी सरिता ने दो पोस्ट की थी। एक पोस्ट में लिखा था कि ताकत रुकती नहीं, बल्कि रूपांतरित होती है। कुश्ती के मैदान से लेकर मातृत्व के सफर तक, हर पड़ाव एक जंग है, हर कदम एक जीत। कभी कुश्ती में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी रही, आज मैं मां बनने के बाद अब तक की सबसे खूबसूरत चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हूं। दूसरी पोस्ट में लिखा था- हर चैंपियन के पीछे कोई न कोई ऐसा होता है जो विश्वास करता है, साथ देता है और आगे बढ़ाता है। मैट पर और मैट के बाहर, दोनों जगह मेरी ताकत बनने के लिए शुक्रिया। यह सफर हमारा है। कबड्डी प्लेयर से अंतरराष्ट्रीय पहलवान बनने का सफर… ————– ये खबर भी पढ़ें… पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान सरिता मोर करेंगी कमबैक, डिलीवरी के बाद फिटनेस पर फोकस हरियाणा के सोनीपत की पूर्व विश्व नंबर-1 रेसलर सरिता मोर जल्द ही मैट पर वापसी करना चाहती हैं। 7 अक्टूबर को ही उन्होंने बेटे को जन्म दिया। सरिता फिटनेस पर ध्यान देने लगी हैं। पति राहुल मान खुद इंटरनेशनल रेसलर व सरिता के कोच हैं। पूरी खबर पढ़ें…

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *