झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल के ऑपरेशन थिएटर से चोर ऑक्सीजन की सप्लाई करने वाले पाइप चोरी कर ले गए। यहां सोमवार को जब मरीजों के ऑपरेशन करने की तैयारी से पहले स्टाफ यहां पहुंचा और ऑक्सीजन का लेबल देखा तो वह जीरो आ रहा था। इसके बाद छानबीन हुई तो पता चला कि पाइप ही चोरी हो चुका है। इसके बाद ऑपरेशन टालने पड़े। बता दें कि झांसी मेडिकल कॉलेज का मुख्य ऑपरेशन थिएटर मेडिकल कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग के पीछे बनाई गई नई बिल्डिंग में है। यह एरिया पूरी तरह सुनसान रहता है। इसी का फायदा चोरों ने उठाया। रविवार को ओटी बंद होने के चलते चोरों ने ओटी को ऑक्सीजन की सप्लाई देने वाली तांबे की पाइप लाइन 3 मीटर दूर तक काटकर चोरी कर ली। सोमवार को जब ओटी में ऑपरेशन होने थे तो यहां का स्टाफ तकनीकी चीजें जांचने ओटी में आया। यहां देखा तो ऑक्सीजन का लेबल 0 ‘जीरो’ आ रहा था। इसके बाद स्टाफ ने अधिकारियों को जानकारी दी तो उन्होंने इंजीनियर बुलाकर उसे दिखवाया। जब ओटी की छत पर जाकर देखा गया तो वहां से पाइप ही गायब था। इसके बाद अन्य जगह को भी चेक किया गया तो कई जगह से पाइप को नुकसान पहुंचाया गया था। ऐसे में सोमवार और मंगलवार को यहां होने वाले ऑपरेशन टालने पड़े। वहीं, कुछ ऑपरेशन सुपर स्पेशिलिटी ब्लॉक में किए गए। जरूरी ऑपरेशन नहीं रुके मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सचिन माहुर ने जानकारी देते हुए बताया कि ओटी की ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को चोरों ने नुकसान पहुंचाया है। जिसके चलते कई ऑपरेशन टालने पड़े। वहीं, महत्वपूर्ण ऑपरेशन इमरजेंसी ओटी और सुपर स्पेशिलिटी ब्लॉक की ओटी में किए गए। पूरे मामले में अब पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
झांसी मेडिकल कॉलेज की OT से ऑक्सीजन पाइप चोरी:नहीं हो सके ऑपरेशन, गुपचुप तरीके से ठीक कराता रहा मेडिकल कॉलेज
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
