झांसी रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग, दिव्यांग और मरीजों की सुविधा के लिए चलाई जा रही ई-कार (गोल्फ कार) पर लगेज ढोने का विरोध कर रहे कुलियों ने मंगलवार को धरना खत्म कर दिया। रेलवे ने कार पर लगेज ढोने के स्टिकर के ऊपर लगेज नॉट अलाउ स्टिकर चिपका दिया था। लेकिन, शाम होते ही स्टिकर अपनी जगह से हटा दिया गया। अब कुली फिर से भड़क उठे हैं। उनका कहना है कि कुलियों के साथ धोखा हुआ है। दो तस्वीरों में देखें स्टिकर की बदली जगह… बता दें झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर ठेकेदार ई-कार चला रहा है। जिसके लिए उसे वाणिज्य विभाग ने अधिकृत किया है। लेकिन, विभाग ने कार पर लगेज ढोने की अनुमति दी तो कुलियों में आक्रोश फैल गया। कुली रेल प्रशासन और ई-कार संचालक के खिलाफ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ही धरना प्रदर्शन करने बैठ गए। एक सप्ताह से चल रहे प्रदर्शन को लेकर वाणिज्य विभाग ने कुलियों से बात की लेकिन रास्ता नहीं निकला। यहां कुली भी प्रदर्शन के लिए डटे रहे। मंगलवार को बुंदेलखण्ड निर्माण मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय और हिंदूवादी नेता अंचल अड़जरिया स्टेशन पहुंचे और कुलियों की समस्या को सुनकर रेल अधिकारियों से बात की। वार्ता के बाद ये सहमति बन गई कि कार पर लगेज नहीं ढोया जाएगा। इसके बाद कार पर लगी लगेज ढोने की रेट लिस्ट के ऊपर ही LUGGAGE NOT ALLOW का स्टिकर लगा दिया गया। समस्या का निदान हुआ तो कुलियों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। कुली बोले-हम लोगों से धोखा हो गया सुबह रेल अधिकारियों की मौजूदगी और कुलियों के धरने के बीच लगाए गए लगेज नॉट अलाउ के स्टिकर को शाम को देखते ही कुलियों का गुस्सा फिर भड़क उठा। स्टिकर सुबह जिस रेट लिस्ट पर चिपकाई गई थी, वह उस जगह नहीं मिला। यहां कुली यूनियन के राष्ट्रीय सचिव गोलू ठाकुर को जानकारी हुई तो उनका भी गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने कहा कि रेट लिस्ट पर लगा स्टिकर शाम को हटा दिया गया है। ऐसे में रेट लिस्ट और लगेज ढोने का प्रचार फिर से होने लगा है। उन्होंने कहा कि अब वह आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।
झांसी स्टेशन पर कुलियों ने खत्म किया धरना प्रदर्शन:सुबह कार पर 'लगेज नॉट अलाउ' का स्टिकर लगाकर बनी थी सहमति, शाम को स्टिकर ही जगह से हटा दिया
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
