भरथना में टीटीई द्वारा कथित तौर पर धक्का दिए जाने से ट्रेन से गिरकर नौसेना अधिकारी की पत्नी आरती यादव की मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। जीआरपी पुलिस ने टीटीई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को फोरेंसिक टीम और विवेचना अधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर गहन पड़ताल की। यह घटना बुधवार सुबह 9.35 बजे दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर साम्हों और भरथना रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे फाटक संख्या 19-सी के पास हुई थी। परिवार का आरोप है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान हुए वाद-विवाद के चलते टीटीई ने आरती यादव को धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरती यादव के पिता की तहरीर पर जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। विवेचना अधिकारी एसआई प्रशांत कुमार फोरेंसिक टीम के साथ शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे फाटक पर लगे सीसीटीवी कैमरों से घटना वाले दिन के फुटेज एकत्र किए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर मिले खून और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल का नक्शा बनाया गया है। महिला का मोबाइल फोन घटना स्थल के तीस मीटर के दायरे से बरामद हुआ है, जिसे फोरेंसिक टीम को सौंप दिया गया है। यह मोबाइल घटना के 48 घंटे बाद बरामद किया गया है। प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि टीटीई संतोष कुमार के विरुद्ध रेलवे की ओर से अब तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की गई है।
टीटीई के धक्के से महिला की मौत का मामला:फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर की जांच, मोबाइल बरामद, खून के धब्बों के सैंपल लिए
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
