अछल्दा कस्बे के नहर बाजार में डिलीवरी के 18 दिन बाद एक महिला की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन 30 वर्षीय मंगली पत्नी प्रदीप कुमार उर्फ गट्टू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मंगली ने 12 नवंबर को इटावा के एक निजी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद से ही उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। मंगलवार को उसकी हालत अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर अभिचल पांडेय ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगली का एक सात साल का बेटा भी है। यह उसकी दूसरी शादी थी, जो नहर बाजार अछल्दा में हुई थी। मंगलवार सुबह नायब तहसीलदार हरिकिशोर और स्थानीय थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई सुरेश चंद्र ने बताया कि महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि चिकित्सकों ने इस मामले को संदिग्ध बताया था।
डिलीवरी के 18 दिन बाद महिला की मौत:बच्ची को दिया था जन्म, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
